नई दिल्ली/भोपाल/लखनऊ/कलबुर्गी
सोमवार को केरल में भारी बारिश और उससे जुड़ी घटनाओं में 4 लोगों की मौत हो गई। भूस्खलन की वजह से राज्य में 29 घर पूरी तरह ढह गए और 868 मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं। प्रभावित इलाकों में राहत शिविर स्थापित किए गए हैं।
राज्य के 11 जिलों – पथानामथिट्टा, कोट्टायम, इडुक्की, एर्नाकुलम, त्रिशूर, पलक्कड़, मलप्पुरम, कोझिकोड़, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड – में रेड अलर्ट जारी किया गया है।
उधर, महाराष्ट्र के ठाणे में आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला की मौत हो गई। मुंबई और ठाणे में आज भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी है। सोमवार को मुंबई में दिनभर मूसलधार बारिश हुई, जिससे वर्ली मेट्रो स्टेशन और शहर के कई इलाकों में जलभराव हो गया। अंधेरी, भांडुप और पवई में सड़कें जलमग्न होने से लंबा ट्रैफिक जाम लगा रहा। लोकल ट्रेन सेवाएं और हवाई उड़ानों पर भी असर पड़ा। गौरतलब है कि मुंबई में इस बार मानसून सामान्य से 16 दिन पहले पहुंच गया है।
हिमाचल प्रदेश में ओलावृष्टि और तूफान का अलर्ट
हिमाचल प्रदेश में भी मौसम का कहर जारी है। आज राज्य में बारिश, आंधी, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की चेतावनी है। 27 और 28 मई को शिमला, कुल्लू और मंडी जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
मध्य प्रदेश में भी गर्मी और बारिश दोनों का असर
मध्य प्रदेश में सोमवार को तेज गर्मी के बीच कुछ जिलों में भारी बारिश दर्ज की गई। चार जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार रहा, जबकि छह जिलों में बारिश हुई।
देशभर में मानसून की स्थिति
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, अब तक देश के 14 राज्यों में मानसून पहुंच चुका है। तीन सक्रिय चक्रवातीय परिसंचरण के चलते अगले चार दिनों तक कई राज्यों में तेज बारिश और आंधी की संभावना जताई गई है।
राज्यों में मौसम का ताजा हाल
बारिश और आंधी-तूफान का असर केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी, महाराष्ट्र, गोवा, अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम, मणिपुर, मेघालय, असम, नगालैंड, त्रिपुरा, छत्तीसगढ़, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा, गुजरात, मध्य प्रदेश, बिहार, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, राजस्थान, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश में देखा गया है।