सूत्रों के अनुसार, जम्मू-कश्मीर पुलिस ने उन आतंकियों के ठिकानों पर छापेमारी की जो पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) से आतंकी गतिविधियां चला रहे हैं। यह अभियान आज सुबह डोडा और किश्तवाड़ जिलों से शुरू हुआ। पुलिस ने प्रदेश भर में 15 से अधिक स्थानों पर एक साथ बड़े स्तर पर कार्रवाई की है।
पाकिस्तानी मंत्री की धमकी:
पाकिस्तान के रेल मंत्री हनीफ अब्बासी ने भारत को परमाणु हमले की धमकी दी। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के पास भारत के लिए तैयार की गई शहीन, घौरी और गजनवी जैसी 130 मिसाइलें मौजूद हैं। यदि भारत सिंधु जल संधि को रोकता है, तो उसे युद्ध के लिए तैयार रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के परमाणु हथियार केवल सजावट के लिए नहीं रखे गए हैं, बल्कि देशभर में उनके ठिकाने फैले हुए हैं।
निशिकांत दुबे का बड़ा दावा:
निशिकांत दुबे ने दावा किया कि करीब 5 लाख पाकिस्तानी लड़कियां भारत में अवैध रूप से रह रही हैं। उन्होंने लिखा, “पाकिस्तान अब आतंकवाद का एक नया चेहरा सामने लेकर आया है। ये लड़कियां भारत में शादी कर बस गई हैं, लेकिन उन्हें अब तक भारतीय नागरिकता नहीं मिली है। अंदर छिपे इन दुश्मनों से कैसे निपटा जाए, यह एक बड़ी चुनौती है।”
प्रारंभिक जांच में अहम खुलासे:
एजेंसियों की प्राथमिक जांच और खुफिया जानकारी से पता चला है कि आतंकी हमले से 5 दिन पहले बैसरन इलाके में चीन निर्मित एक अज्ञात डीजी ड्रोन उड़ता देखा गया था। साथ ही, घोड़े वालों से भी इलाके की रेकी करवाई गई थी। पहलगाम हमले के बाद एजेंसियों को आतंकवादी साजिश के कई ठोस सबूत मिले हैं।
फिनलैंड में पहलगाम हमले के विरोध में भारतीयों का प्रदर्शन:
फिनलैंड की राजधानी हेलसिंकी में भारतीय आईटी प्रोफेशनल्स और छात्रों ने स्क्वायर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय समुदाय से कड़ी कार्रवाई की मांग की और मृतकों को श्रद्धांजलि दी। प्रदर्शनकारियों ने बैनर और पोस्टरों के माध्यम से अपनी आवाज बुलंद की।