हरियाणा में रविवार को तेज बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। सांसद जाम में फंसे, DC ने नहीं उठाया फोन पानीपत, कैथल, सोनीपत, फरीदाबाद, रोहतक, कुरुक्षेत्र, जींद, महेंद्रगढ़ और झज्जर सहित 9 जिलों में बारिश हुई। सोनीपत में महज एक घंटे की बारिश से गलियों में पानी भर गया।

हिसार में हालात और खराब रहे। बारिश के कारण जलभराव से परेशान ग्रामीणों ने भिवानी-चंडीगढ़ रोड को जाम कर दिया। इसी दौरान जींद से लौट रहे राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा भी ट्रैफिक में फंस गए। उन्होंने हिसार के उपायुक्त को फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। इसके बाद सांसद ने BDPO (ब्लॉक डेवलपमेंट एंड पंचायत ऑफिसर) से संपर्क कर मौके पर पहुंचकर प्रदर्शन कर रहे लोगों से बातचीत की।
BDPO ने दो दिन में जलनिकासी का आश्वासन दिया, जिसके बाद ग्रामीणों ने जाम हटाया और सांसद वहां से रवाना हुए।
मौसम विभाग ने 9 जिलों में आंधी का अलर्ट जारी किया
मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। रविवार को यमुनानगर, अंबाला और सिरसा में आसमान में घने बादल छाए रहे और तेज हवाएं चलीं। मौसम विभाग ने सोनीपत, पानीपत, जींद, करनाल, कुरुक्षेत्र, अंबाला, पंचकूला और यमुनानगर में आंधी और बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।
हरियाणा में बारिश और तेज हवाओं ने बदला मौसम: 2 दिन और रह सकता है असर, 19 जून से प्री-मानसून की संभावना

हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभागाध्यक्ष डॉ. मदन सखीचड़ ने बताया कि राज्य में हो रही बारिश प्री-मानसून का हिस्सा नहीं है, बल्कि यह पश्चिमी विक्षोभ के कारण हो रही है। इसका असर अगले दो दिन तक रह सकता है। हालांकि, 19 जून से प्री-मानसूनी हवाएं आने की संभावना जताई गई है, जिससे वातावरण में नमी बढ़ेगी और तापमान में गिरावट आ सकती है।
बिजली कटौती पर मंत्री सख्त, गर्मी में राहत के लिए गाइडलाइन जारी
गर्मी और बिजली कटौती को लेकर गृह मंत्री अनिल विज ने बिजली विभाग से डेली रिपोर्ट मांगी है और चेतावनी दी है कि लापरवाही पर सख्त कार्रवाई होगी।
वहीं, हरियाणा सरकार ने गर्मी को लेकर हीटवेव गाइडलाइन जारी की है
दोपहर 12 से शाम 4 बजे तक महिलाएं खाना न बनाएं। बाहर निकलते समय ढीले और हल्के रंग के कपड़े पहनें। बार-बार पानी पिएं।
गर्भवती महिलाएं और बुजुर्ग खास सावधानी बरतें।
राज्यभर में मौसम अपडेट्स
जींद: सुबह की बारिश से तापमान में 4 डिग्री गिरावट। हिसार, सिरसा, अंबाला: तेज हवाएं, बादल छाए। सोनीपत: एक घंटे की बारिश से जलभराव। फरीदाबाद: तेज बारिश से ट्रैफिक बाधित।
चरखी दादरी: हल्की बूंदाबांदी के बाद मौसम साफ। महेंद्रगढ़, रोहतक, पानीपत, करनाल: बादल और हल्की बारिश।
पंजाब, हिमाचल और चंडीगढ़ में भी मौसम का बदला मिजाज
पंजाब व चंडीगढ़: सुबह से ही बूंदाबांदी और हवाएं, तापमान में 0.7 डिग्री की गिरावट।
हिमाचल प्रदेश: 7 जिलों (चंबा, कांगड़ा, शिमला, सोलन, कुल्लू, सिरमौर, मंडी) में आंधी-तूफान को लेकर यलो अलर्ट जारी।
IMD का अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने हरियाणा के उत्तरी जिलों (चंडीगढ़, पंचकूला, अंबाला, करनाल, यमुनानगर) में 60 किमी/घंटा तक की तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। बाकी जिलों में भी लू चलने की संभावना बनी हुई है।