हरियाणा में प्री-मानसून की बारिश ने दस्तक दे दी है। मंगलवार सुबह करनाल, कुरुक्षेत्र, चरखी दादरी, झज्जर, पानीपत और गुरुग्राम में तेज बारिश हुई, जिससे सड़कों और गलियों में पानी भर गया। कई जिलों में अब भी बादल छाए हुए हैं और मौसम विभाग ने पूरे राज्य में बारिश का अलर्ट जारी किया है।
कई इलाकों में जलभराव, मंत्री-सांसद के घरों में भी घुसा पानी
सोमवार को भी पानीपत, हिसार, फतेहाबाद, कुरुक्षेत्र, नारनौल, भिवानी, नूंह, गुरुग्राम, झज्जर और रेवाड़ी में अच्छी बारिश हुई। भिवानी में मंत्री श्रुति चौधरी और राज्यसभा सांसद किरण चौधरी की कोठी में बारिश का पानी घुस गया। रेवाड़ी और नारनौल में सड़कों पर कई फीट तक पानी जमा हो गया।
तापमान में गिरावट, गर्मी से राहत
बारिश के चलते राज्य में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। अधिकतम तापमान सामान्य से 2.7 डिग्री सेल्सियस नीचे आ गया है। अनुमान है कि 28 जून तक मानसून पूरे हरियाणा में फैल जाएगा। सोमवार को सिरसा सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
अन्य जिलों में तापमान (डिग्री सेल्सियस):
हिसार: 38.3
जींद: 36.9
अंबाला/चरखी दादरी: 36.8
फरीदाबाद: 36.3
भिवानी: 36.1
सोनीपत: 36
रोहतक: 35.9
मेवात: 35.8
करनाल: 35.6
पंचकूला: 34
कुरुक्षेत्र में भारी बारिश
कुरुक्षेत्र में सुबह 5 बजे से बारिश शुरू हुई, जो करीब साढ़े 6 बजे तेज हो गई। कृष्ण म्यूजियम और पैनोरमा क्षेत्र में जलभराव देखा गया।
हिमाचल और पंजाब में मानसून की रफ्तार धीमी
हिमाचल प्रदेश में मानसून की गति धीमी पड़ी है और अधिकतर जगहों पर हल्की बारिश ही हो रही है। वहीं, पंजाब में मानसून की एंट्री के बाद वह पठानकोट में ही अटका हुआ है।
चंडीगढ़ में गर्मी बरकरार
हालांकि रविवार को मानसून की एंट्री हो गई थी, फिर भी सोमवार को चंडीगढ़ में बारिश नहीं हुई। बादलों और हवाओं के बावजूद उमस और गर्मी बनी रही।