उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। शनिवार को लखनऊ, वाराणसी, अलीगढ़ सहित 35 शहरों में रुक-रुक कर तेज बारिश हुई। बारिश के चलते कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं।
शनिवार को हुई इन जिलों में बारिश
वाराणसी:
शनिवार दोपहर वाराणसी में जोरदार बारिश हुई। घाट किनारे मौजूद लोगों ने भीगते हुए सुहावने मौसम का आनंद लिया। बीते दो दिनों से शहर में रुक-रुक कर बारिश हो रही है, जिससे गर्मी और उमस से राहत मिली है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में लगभग 2 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। शनिवार शाम 4 बजे तापमान 33°C रिकॉर्ड किया गया।
प्रयागराज:
शनिवार को प्रयागराज में भी तेज बारिश हुई, जिससे शहर की कई सड़कों पर पानी भर गया। इससे राहगीरों को आने-जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
अलीगढ़:
अलीगढ़ में शाम करीब 5 बजे तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हुई। मौसम सुहावना हो गया है और लोगों को गर्मी से राहत मिली है।
अमेठी:
अमेठी के कमनौली थाना क्षेत्र के राजखेड़ा गांव में खेत में काम कर रहे 65 वर्षीय किसान भगवानदीन पर आकाशीय बिजली गिरने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना के समय वे खेत में मेड़बंदी का कार्य कर रहे थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
चंदौली:
चंदौली में नेशनल हाईवे के पुल के नीचे करीब ढाई फीट पानी भर गया है, जिससे आवाजाही बाधित हो रही है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि हाईवे निर्माण एजेंसी ने जल निकासी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं की है, जिससे बारिश में वाहन चालकों को परेशानी होती है।
मथुरा:
मथुरा से रिपोर्टर पवन ने बताया कि शहर में मौसम अचानक बदल गया और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई।
उन्नाव, नोएडा, और अमेठी:
उन्नाव, नोएडा और अमेठी में शनिवार दोपहर से ही तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश हो रही है। इससे मौसम सुहावना हो गया है और किसानों को भी लाभ मिलने की संभावना है।
महोबा:
महोबा में चार घंटे तक लगातार हुई बारिश से कुलपहाड़ तहसील के बेताताल-पुरट मार्ग पर बना पुल बह गया। इस कारण मार्ग पर यातायात रोक दिया गया है।
लखनऊ:
लखनऊ में चार दिन बाद आखिरकार मानसून फिर सक्रिय हुआ। इंदिरा नगर इलाके में शनिवार दोपहर तीन बजे के बाद तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हुई। मौसम विभाग का कहना है कि आगामी दिनों में और भी बारिश की संभावना है।
चित्रकूट में मंदाकिनी नदी उफान पर
चित्रकूट में सुबह से तेज बारिश के बाद मंदाकिनी नदी का जलस्तर 95 मीटर तक पहुंच गया है, जबकि खतरे का निशान 126 मीटर पर है। रामघाट क्षेत्र की करीब 25 दुकानों में पानी घुस गया है। जिला प्रशासन ने NDRF और गोताखोरों को अलर्ट मोड पर तैनात कर दिया है। लाउडस्पीकर से दुकानदारों से सामान हटाने की अपील की जा रही है।
महोबा और झांसी में हालात बिगड़े
महोबा में 4 घंटे की बारिश के चलते पुल के ऊपर से पानी बहने लगा। झांसी में इतनी तेज बारिश हुई कि शहर की सड़कों पर एक फीट तक पानी भर गया।
सहारनपुर में नदी में क्रेन बह गई, मकान ढहे
सहारनपुर के 10 गांवों में बरसाती नदियों का पानी घुस गया, जिससे 6 से अधिक कच्चे मकान ढह गए। स्पोर्ट्स कॉलेज की सड़क जलमग्न हो गई और हिंडन नदी भी उफान पर है। पुल निर्माण में लगी क्रेन पानी में बह गई।
बिजली गिरने से 5 लोगों की मौत
पिछले 24 घंटे में आकाशीय बिजली गिरने से 5 लोगों की जान चली गई। मृतकों में कौशांबी के 2, सोनभद्र, प्रतापगढ़ और अमेठी के 1-1 निवासी शामिल हैं।
मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम विभाग ने 14 जिलों में भारी बारिश और 55 जिलों में बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। अगले 4 दिन तक ऐसा ही मौसम रहने की संभावना जताई गई है।
मानिकपुर में यात्री फंसे
मानिकपुर की बस्दा नदी के चमरोहा रपटे पर पानी ऊपर से बह रहा है, जिससे सैकड़ों यात्री फंस गए हैं। न खाना-पानी का इंतजाम है, न ठहरने की जगह। पुल की मांग कई दशकों से हो रही है लेकिन अब तक नजरअंदाज की गई है।
सहारनपुर: सहथा नदी में डूबने से दो सगे भाइयों की मौत। दोनों भाई दवा लेने निकले थे और तेज बहाव में बह गए।
झांसी: अधिकतम तापमान 30.2°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से 7.3 डिग्री कम है।
प्रयागराज: तापमान सामान्य से 6.3 डिग्री कम रहा, सड़कों पर पानी भर गया।
नोएडा: शाम को हुई भारी बारिश के बाद शहर की सड़कों पर जलभराव हो गया।
गोंडा: आधे घंटे से मूसलधार बारिश, देर रात तक इसी तरह की वर्षा की संभावना।
सोनभद्र और जालौन: सड़कों पर पानी भर गया, बिजली गिरने से एक किसान की मौत हो गई।
मानसून मीटर
बीते 24 घंटे में राज्य में औसतन 0.8 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य से 87% कम है।
1 जून से अब तक कुल 76.3 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से 3% अधिक है।